प्रतिष्ठित देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान 2026 से नवाजे गए प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे (Prabhasakshi Editor Neeraj Kumar Dubey was honored with the prestigious Devrishi Narad Journalist Award 2026.)

प्रतिष्ठित देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान 2026 से नवाजे गए प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे
# कांस्टीट्यूशन क्लब में इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र द्वारा
आयोजित समारोह में एनडीटीवी के सीईओ एवं एडिटर इन चीफ राहुल कंवल ने नीरज कुमार दुबे को पुरस्कृत किया। 

# उत्कृष्ट डिजिटल पत्रकार श्रेणी में मिले इस पुरस्कार के समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर भी उपस्थित थे।

@ कमलेश पांडेय/राजनैतिकदुनिया
नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र द्वारा वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दी समाचार पोर्टल प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे को उत्कृष्ट डिजिटल पत्रकार श्रेणी में प्रतिष्ठित देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान 2026 प्रदान किया गया।
स्थानीय कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में एनडीटीवी के सीईओ एवं एडिटर इन चीफ राहुल कंवल ने नीरज कुमार दुबे को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर भी उपस्थित थे।
इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र की ज्यूरी ने नीरज कुमार दुबे के आलेखों और वीडियो रिपोर्टों पर गौर करते हुए उन्हें उत्कृष्ट डिजिटल पत्रकार के रूप में सर्वसम्मति से चुना। गौरतलब है कि नीरज कुमार दुबे भारत के वरिष्ठ डिजिटल पत्रकारों में अग्रणी स्थान रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता कॅरियर की शुरुआत वर्ष 1999 में दिल्ली के एक दैनिक समाचार-पत्र से की और इंटरनेट पर हिंदी पत्रकारिता के प्रारंभिक दौर से ही डिजिटल मीडिया से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। जब देश में सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति आकार ले रही थी, तब उन्होंने मुंबई में ‘चिप हिंदी’ और ‘डिजिट’ जैसी प्रतिष्ठित तकनीकी पत्रिकाओं के माध्यम से हिंदी पाठकों तक तकनीक और इंटरनेट की जानकारी सरल भाषा में पहुँचाकर डिजिटल खाई को पाटने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया, तीनों क्षेत्रों का अनुभव रखने वाले नीरज कुमार दुबे वर्ष 2002 से भारत के शुरुआती हिंदी समाचार पोर्टल ‘प्रभासाक्षी’ से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में उसके संपादक हैं। उन्होंने 1998 से 2024 तक के लोकसभा चुनावों में देशभर में ग्राउंड कवरेज सहित अनेक विधानसभा चुनावों, सामाजिक आंदोलनों, महाकुंभ, अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा, जी-20 शिखर सम्मेलन समेत कई अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है। 
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों की देशव्यापी कवरेज के अपने अनुभव पर उन्होंने एक पुस्तक 'विकास और विश्वास' लिखी थी जोकि काफी चर्चित रही थी। साथ ही वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वह ऐसे पत्रकार रहे जिन्होंने अकेले सर्वाधिक संसदीय क्षेत्रों का दौरा कर जनता के मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श में प्रमुखता से उठाया।
आतंकवाद, राजनीति, भू-राजनीति, कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत और जनसरोकार से जुड़े आर्थिक मुद्दों पर उनकी प्रखर लेखनी और विश्लेषण व्यापक रूप से पढ़े और देखे जाते हैं। वह अनेक राष्ट्रीय मंचों और भारतीय जन संचार संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में वक्ता के रूप में संबोधन दे चुके हैं। 
नीरज कुमार दुबे माखन लाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के डिजिटल मीडिया विभाग से सलाहकार के रूप में भी जुड़े रहे हैं। वह भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो से मान्यता प्राप्त पत्रकार, लेखक, विदेश मामलों के जानकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ के रूप में भी व्यापक पहचान रखते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया