पुलिस ने मृतक के परिवार को किया ब्लैकमेल, मांग रहे इंसाफ: डॉली शर्मा
# उत्तरप्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल दिया गया है, पुलिस कस्टडी में हो रही मौत दुर्भाग्यपूर्ण: प्रदेश प्रवक्ता
कमलेश पांडेय/विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। यूपी की प्रदेश प्रवक्ता डॉली शर्मा ने कासगंज में पुलिस कस्टडी में हुई मौत के मामले में वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद उत्तरप्रदेश सरकार को कठघड़े में खड़ा करने की कोशिश की है। उन्होंने दूरभाष पर बताया कि पुलिस ने मृतक अल्ताफ के परिवार को ब्लैकमेल किया है, जिसके चलते आज वो इंसाफ मांग रहे हैं। उनकी मानसिक स्थिति खराब है, क्योंकि परिवार का कमाऊ पूत नहीं रहा। उसका शव देने के लिये उन पर अंगूठे लगाने का दबाव डाला गया और नौकरी तथा लाखों रुपये की मदद राशि देने की लालच देकर उनके साथ छल किया गया।उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तरप्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल दिया गया है, जहां पुलिस कस्टडी में हो रही मौत की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पार्टी की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर वह कासगंज गई थीं और उन्हें वहां की हकीकत से अवगत करवा दिया है। पार्टी इस मुद्दे पर जनांदोलन छेड़ेगी, क्योंकि अल्पसंख्यक समाज के लोगों का उत्पीड़न हो रहा है। पिछले लगभग 5 वर्षों में पुलिस उत्पीड़न की
एक नहीं बल्कि ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
उन्होंने आगे बताया कि यूपी के कासगंज जनपद में पुलिस हिरासत में अल्ताफ की हुई मौत के मामले को कांग्रेस महासचिव और उत्तरप्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने गम्भीरता से लिया है। श्रीमती गांधी ने पीड़ित परिवार द्वारा कासगंज पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों के मद्देनजर उनसे व उनके पड़ोसियों से बातचीत करके हकीकत से रूबरू करवाने के लिए अपनी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को वहां भेजा था, जिसमें गाजियाबाद की कांग्रेस नेत्री और प्रदेश प्रवक्ता के नाते उन्हें भी उसमें शामिल किया गया था। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश के प्रभारी पूर्व विधायक विवेक बंसल की अगुवाई में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कासगंज पहुंचकर पीड़ित परिवार के जाकर उनके प्रति सहानुभूति जताई और उनसे तथा उनके पड़ोसियों से बातचीत की।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद पार्टी प्रवक्ता डॉली शर्मा ने यूपी सरकार और कासगंज पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघड़े में खड़ा कर दिया है, जिससे सियासत और गर्म हो गई। प्रदेश प्रवक्ता डॉली शर्मा ने कहा कि मृतक अल्ताफ के पिता चांद मियां ने यूपी पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि कासगंज पुलिस ने जबरन बयान रिकॉर्ड करवाकर एक मज़बून पर अंगूठा लगवाया, उसके बाद उनके बच्चे का शव उन्हें सौंपा गया। यह बहुत शर्मनाक स्थिति है। उत्तरप्रदेश अब अपराध प्रदेश में तब्दील हो चुका है। उन्होंने पुलिस की उस थ्योरी पर भी सवाल उठाया जिसमें उसके द्वारा बताया जा रहा है कि अल्ताफ़ ने ज़मीन से मुश्किल से 2 फ़ीट ऊपर लगे नल में अपने जैकेट के हुड में लगी डोरी फ़ंसाई और आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि कोई भी इस बात पर सवाल उठाएगा ही।
बता दें कि अल्ताफ़ नगला सैय्यद का रहने वाला था। जो फ़र्श पर टाइल लगाने का काम करता था। उसने किसी के घर में टाइल लगाने का काम किया, जिसके बाद उस घर की लड़की लापता हो गयी। ततपश्चात लड़की के परिजनों ने अल्ताफ पर ही आरोप लगाया और कहा कि अल्ताफ़ उनकी लड़की को भगा ले गया। इस बात की पुलिस में शिकायत हुई। जिसके बाद पुलिस ने 8 नवंबर की शाम 8 बजे के आसपास अल्ताफ़ को हिरासत में ले लिया। वहीं, पुलिस हिरासत में रहने के बावजूद महज 24 घण्टे के भीतर 9 नवंबर की शाम तक अल्ताफ़ की पुलिस लॉकअप में मौत की ख़बर आ गई, जिसे वह आत्महत्या करार दे रही है, जबकि मृतक के परिजन व पड़ोसी इसे पुलिस द्वारा की गई हत्या करार दे रहे हैं। आसन्न यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नेताओं ने इस मामले में दखल देनी शुरू कर दी है, जिससे आरोपों-प्रत्यारोपों की सियासत गर्म हो गई है।
# प्रियंका गांधी के निर्देश पर यूपी कांग्रेस ने भेजा अपना प्रतिनिधिमंडल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और प्रभारी प्रशासन योगेश दीक्षित ने पार्टी महासचिव व प्रदेश प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी के निर्देश और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधायक के आग्रह पर
जनपद कासगंज के अन्तर्गत थाना सदर कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा के दौरान अल्ताफ पुत्र चांद मियां निवासी-अहरौली की हुई मृत्यु संबंधी घटना में वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करने के लिये वरिष्ठ कांग्रेसजनों का एक प्रतिनिधिमण्डल गठित किया जिसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व विधायक सह प्रभारी हरियाणा प्रदेश विवेक बसंल, अ.भा.कांग्रेस कमेटी के सचिव व सह प्रभारी-उप्र तौकीर आलम, पूर्व सांसद राशिद अलवी,
गाजियाबाद की पूर्व मेयर प्रत्याशी, सांसद प्रत्याशी व प्रदेश प्रवक्ता डॉली शर्मा, उ.प्र. कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता श्रीमती पंखुड़ी पाठक, उ.प्र. कांग्रेस कमेटी की महासचिव मुनेन्द्र सूद बाल्मीकि, उ.प्र. महिला कांगेस की अध्यक्ष श्रीमती ममता राजपूत, उ.प्र. कांग्रेस कमेटी के सचिव अखिलेश शर्मा और कासगंज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अदनान मियां को शामिल किया गया था।
पार्टी ने अपने द्वारा गठित प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यगण को गुरुवार को घटना स्थल पर पहुँच कर पीड़ित परिवारजनों, स्थानीय प्रशासन एवं पीड़ित परिवार के अन्य पड़ोसीजनों से मुलाकात कर इस घटना की वास्तविक जानकारी प्राप्त करने के तत्पश्चात अपनी तथ्यात्मक रिपोर्ट से उप्र कांग्रेस कमेटी को अवगत कराने का निर्देश दिया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें