मुरादनगर नगरपालिका परिषद की साख को पुर्नस्थापित करने की पूरी कोशिश करूंगा: अभिषेक कुमार

मुरादनगर नगरपालिका परिषद की साख को पुर्नस्थापित करने की पूरी चेष्टा करूंगा: अभिषेक कुमार

# स्टैंडर्ड मानक और उचित प्राक्कलन के अनुसार करवाए जाएंगे नगरपालिका क्षेत्र में विकास कार्य: अधिशासी अधिकारी

# नगरपालिका के प्रति पनपे अविश्वास के भाव को विश्वास के भाव में तब्दील करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी

# नगर विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा मुरादनगर में, ताकि जरूरतमंद लोग लाभान्वित हों

कमलेश पांडेय/भास्कर ब्यूरो
गाजियाबाद। जनपद अंतर्गत मुरादनगर नगरपालिका परिषद, मुरादनगर के अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार ने नगरपालिका की पिछले महीनों में लुढ़की साख को पुनर्स्थापित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। यूपी के प्रतिष्ठित इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र रहे अभिषेक कुमार वर्ष 2007 में ईओ संवर्ग की सेवा में आए और उनकी पहली पोस्टिंग शाहजहांपुर जनपद में हुई। उसके बाद गौतमबुद्धनगर, मेरठ और बिजनौर में ईओ रहते हुए इतना उम्दा कार्य किये कि शासन ने उन्हें गाजियाबाद के उस मुरादनगर नगरपालिका परिषद की जिम्मेदारी सौंपी, जो गत महीनों में सूबाई सुर्खियों में रह चुका है।

शासन ने उन्हें यह जिम्मेदारी इसलिए सौंपी, क्योंकि अपनी नेकनीयती और प्रशासनिक बारीकियों को समझते हुए अव्वल कार्य प्रदर्शन के लिए वे जाने जाते हैं। मुरादनगर में भी गत 19 जुलाई को पदभार ग्रहण करने के पश्चात महज तीन सप्ताह के अथक परिश्रम और पैनी प्रशासनिक सूझबूझ की बदौलत वह नगरपालिकावासियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में यह विश्वास जगाने में सफल रहे हैं कि यदि स्टैंडर्ड मानक के मुताबिक और उचित प्राक्कलन के अनुसार काम करवाया जाएगा तो नगरपालिका की गिरी साख की क्षतिपूर्ति करके जनविश्वास को बरकरार रखा जा सकता है।

अपने कार्यालय कक्ष में "दैनिक भास्कर" से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में ईओ अभिषेक कुमार ने बताया कि नगरपालिका के प्रति पनपे अविश्वास के भाव को विश्वास के भाव में तब्दील करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी, ताकि नगरपालिका की पुरानी साख को फिर से पुनर्स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए उनकी टीम कार्यक्षेत्र की हर बारीकियों को समझते हुए दिन-रात मेहनत कर रही है और तीन माह के भीतर लोगों को नगरपालिका से सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। यह नगरपालिका अपनी उम्दा कार्यशैली से विभिन्न प्रशासनिक मानकों पर खरी उतरेगी।

उन्होंने आगे कहा कि नगर विकास विभाग की विभिन्न मानवीय जनकल्याणकारी योजनाओं, यथा- प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि के लाभार्थी का चयन करना और मुरादनगर को संतृप्त करना, लोगों को लाभ दिलाना उनकी दूसरी प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए उन्होंने अपनी टीम को कुछ अतिरिक्त टास्क दिया है ताकि योग्य व जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके। इससे मोदी-योगी सरकार का जनता में इकबाल बुलंद होगा।

अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार ने अपनी तीसरी प्राथमिकता को स्पष्ट करते हुए बताया कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए वह खुद सचेष्ट हैं और सड़क निर्माण, नाली निर्माण, साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था, पेयजलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ एवं समुचित ढंग से करने के लिए लेआउट प्लान बनाकर धनराशि की उपलब्धता के आधार पर और प्राथमिकता के आधार पर कार्य सुनिश्चित करवाया जाएगा, ताकि इन क्षेत्रों में अबतक बेतरतीब ढंग से हुए कार्यों को दुरुस्त किया जा सके। इन कार्यों का महत्व लोगों को स्वतः समझ में आ जायेगा और जनसुविधाओं के विकास व आमूलचूल बदलाव को वे लोग खुद महसूस करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि नगरपालिका की भूमि पर अवैध कब्जे को चिन्हित करवाना, विभिन्न जगहों और नगरपालिका की सम्पत्ति पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित करवाना और उन्हें मुक्त करवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करना उनकी चौथी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी बताया कि कब्जा मुक्त कराई हुई जमीनों पर सार्वजनिक पार्क, सामुदायिक भवन, बच्चों के लिए पुस्तकालय, आवासीय रैन बसेरा, नगरपालिका की आय बढ़ाने के लिए शॉपिंग काम्प्लेक्स बनवाये जाएंगे, ताकि नगरपालिका क्षेत्र का सम्पूर्ण विकास संभव हो।

उन्होंने आगे बताया कि नगरपालिका क्षेत्र से मानक के मुताबिक एकरूपता पूर्वक गृह कर वसूले जाएंगे और इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ओडीएफ में मुरादनगर नगरपालिका को पिछली बार डबल स्टार मिला है, इसलिए इस क्षेत्र में ट्रिपल या फोर स्टार दिलाने के लिए वह हर संभव कदम उठाएंगे।

फोटोकैप्शन:- अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी, मुरादनगर नगरपालिका परिषद, मुरादनगर, गाजियाबाद।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया