बहराइच के जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने सामूहिक कोविड टीकाकरण करवाने वाले अल्पसंख्यक परिवार के पास भिजवाया गुलदस्ता, बनाया लोकल ब्रांड एम्बेसडर

बहराइच के जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने सामूहिक कोविड टीकाकरण करवाने वाले अल्पसंख्यक परिवार के पास भिजवाया गुलदस्ता

# बहराइच में मुस्लिम परिवार के 16 सदस्यों ने करवाया  सामूहिक कोविड टीकाकरण और शेष अन्य का भी जल्द करवाएंगे

# जब शाहिद अली ने अपने परिवार के 16 लोगों के साथ ली कोविड वैक्सीन की पहली डोज तो डीएम डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने तहसीलदार के हाथों भेजा गुलदस्ता

# शाहिद अली बने कोविड वैक्सिनेशन कार्यक्रम के ब्रांड एम्बेसडर, वैक्सीन के लिए लोगों को करेंगे जागरूक

@ कमलेश पांडेय/दिल्ली-लखनऊ-बहराइच

उत्तरप्रदेश के बहराइच जिले में एक मुस्लिम परिवार के 16 लोगों ने एक साथ कोविड अस्पताल सेंटर पर बने कोरोना टीकाकरण बूथ पर पहुंचकर एक के बाद एक करके सभी ने कोविड 19 वैक्सीन की पहली डोज ली। शाहिद अली के परिवार के इस नेक कदम से अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिम परिवारों में कोविड 19 टीकाकरण को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है। जनपद में इस बात की चर्चा है कि यह पूरी बात जब जिले के डीएम डॉ दिनेश चंद्र सिंह की संज्ञान में लाई गई तो उन्होंने इसके दूरगामी महत्व को समझा और अपने प्रतिनिधि के तौर पर इलाके के तहसीलदार  तथा चिकित्सा अधीक्षक को उस परिवार को सम्मानित करने के लिए उनके घर भेजा, जिन्होंने उन्हें फूल व गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी डॉ सिंह के इस सकारात्मक पहल से जनपद में अल्पसंख्यक समाज के बीच योगी सरकार का इकबाल बुलंद हुआ है।

इस बाबत पूछे जाने पर जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि कोविड 19 टीकाकरण को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां सुनियोजित रूप से पैदा की गई हैं, जिनका मुकाबला प्रशासनिक सूझबूझ से किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत गत दिनों क्षेत्र के तहसीलदार मुकेश शर्मा अपने सहकर्मियों तथा स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ संदीप मिश्रा के साथ उस परिवार के लोगों से मिलने उनके घर पहुंचे। फिर उनकी कुशलक्षेम पूछकर उन्हें सामूहिक तौर से गुलदस्ता व फूल देकर सम्मानित किया। क्योंकि उन्होंने न केवल जनहितैषी सरकारी अभियान का समर्थन किया, बल्कि अपने इस नेक कदम से उनलोगों को भी प्रेरित किया, जो कथित सियासी या साम्प्रदायिक कारणों के चलते इस जनहितकारी मिशन का लाभ उठाने से गुरेज कर रहे थे। ऐसे लोगों की मनोवृत्ति बदलने व टीकाकरण अभियान के सफल होने से समाज के सभी वर्गों को कोरोना महामारी के विरुद्ध एक सुरक्षा कवच मिलेगा।

वहीं, बहराइच के पयागपुर क्षेत्र के कोट बाज़ार निवासी शाहिद अली ने कहा कि उन्हें कोविड वैक्सीन लगवाने से पहले डर लगता था, लेकिन अब जबकि उनके परिवार के 20 लोगों ने एक साथ कोविड वैक्सीन की डोज ले ली है, इसलिए अब उन्हें किसी भी प्रकार का कोई डर नहीं लग रहा है। उन्होंने बताया कि अब वो भी अच्छा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि इससे उन्हें कोई परेशानी भी नहीं महसूस हो रही है। वहीं, उनकी बहन तरन्नुम निशा भी इस वैक्सीन को लगवाने के बाद बेहद उत्साहित नज़र आईं। उन्होंने कहा  कि अब तो वो घर घर जाकर इस वैक्सीन को लेकर डर रहे लोगों को कोविड 19 वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बच्चे लखनऊ में होने के कारण नहीं लगवा सके हैं। इसलिए अब उन्हें भी जल्दी ही वैक्सीन लगवाई जाएगी। 

वहीं, वैक्सीन लगवा चुके शाहिद को गुलदस्ता देने के बाद तहसीलदार मुकेश शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में शाहिद अली ने अपने पूरे परिवार के साथ कोविड 19 वैक्सीन टीकाकरण कार्यक्रम में सराहनीय योगदान दिया है और वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। इसलिए आज वो जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर उन्हें सम्मानित करने उनके घर गए थे। इससे इस क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए शाहिद अली को क्षेत्र में ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर पेश किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में अधिक से अधिक लोग वैक्सिनेशन कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

वहीं, जानकारों का कहना है कि पूरे उत्तरप्रदेश में कोविड 19 टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए बहराइच के लोकल ब्रांड एम्बेसडर मॉडल को अपनाया जा सकता है। इससे यूपी की गंगा-जमुनी तहजीब और मजबूत होगी तथा अल्पसंख्यक समाज के लोगों के बीच योगी सरकार व उनके मातहत प्रशासन का इकबाल भी बुलंद होगा।

फोटोकैप्शन:- जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह के निर्देश पर तहसीलदार मुकेश शर्मा व स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ संदीप मिश्रा बहराइच के पयागपुर क्षेत्र के कोट बाज़ार निवासी शाहिद अली व उनके परिजनों को गुलदस्ता व फूल प्रदान करके सम्मानित करते हुए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया