जौनपुर के जिला मजिस्ट्रेट डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सिंह, आईएएस सम्मानित, प्रथम पुरस्कार मिला


जौनपुर के जिला मजिस्ट्रेट डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सिंह, आईएएस सम्मानित, प्रथम पुरस्कार मिला

# मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में जौनपुर जनपद को प्रदेश का सिरमौर बनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मानित

@ कमलेश पांडेय/वरिष्ठ पत्रकार व राजनीतिक विश्लेषक

"उत्तर प्रदेश दिवस" के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक विशिष्ट कार्यक्रम में माननीय गृह मंत्री भारत सरकार  अमित शाह और माननीय मुख्यमंत्री, उत्तरप्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा "सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान" में जनपद जौनपुर द्वारा प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में वहां के यशस्वी जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह, आईएएस को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे जौनपुर वासी खुद को गौरवान्वित महसूस किए।

इस मौके पर कहा गया कि मुख्यमंत्री युवा अभियान के अंतर्गत जनपद जौनपुर में युवाओं को रोजगारपरक एवं रोजगार सृजक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वहां इस अभियान के तहत माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा एवं दूरदर्शी सोच के अनुरूप युवाओं को जनपद एवं प्रदेश में ही स्वरोजगार से जोड़ने हेतु ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे जनपद के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

माननीय मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट भाव है कि प्रदेश का युवा आत्मनिर्भर बने, अपने ही जनपद में रोजगार के अवसर प्राप्त करे और उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में सहभागी बने। जनपद जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में सभी संबंधित विभागों, बैंकर्स एवं सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयास, समर्पण और प्रतिबद्धता से इस अभियान को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। लिहाजा, इस अभियान की सफलता में बैंकर्स की भूमिका भी सराहनीय रही, जिन्होंने परिश्रमपूर्वक ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया को पूर्ण किया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट-वेब आदि मीडिया के प्रतिनिधियों द्वारा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए इसे गांव-गांव तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अभियान से जुड़े सभी लाभार्थियों, बैंकर्स, मीडिया प्रतिनिधियों, सहयोगी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा जनपद की जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जनपद जौनपुरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया गया कि वे आर्थिक उन्नयन के क्षेत्र में भी जनपद को आगे बढ़ाने में सहभागिता करें। क्योंकि मध्यकाल से ही यूपी में इस जनपद की विशिष्ट पहचान रही है।

उल्लेखनीय है कि आईएएस डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने कानपुर देहात, बहराइच, सहारनपुर जैसे जनपदों में बतौर जिलधिकारी और नगर आयुक्त गाजियाबाद नगर निगम, सूबे में मोदी-योगी सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों को सरजमीं पर उतारने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाई है जो प्रशासकों को भी अव्वल कार्य के लिए अभिप्रेरित करती है। वहीं, निर्वाचन कार्य में भी डॉ दिनेश चंद्र सिंह को विशिष्ट अनुभव व विशेषज्ञता हासिल है और इस हेतु वे पहले भी पुरस्कृत किए जा चुके हैं। 

बताते चलें कि डॉ दिनेश चंद्र सिंह द्वारा लिखित जनप्रेरक पुस्तकें- काल प्रेरणा, कर्म निर्णय और कर्म कुंभ आदि (प्रकाशक नगीन प्रकाशन, मेरठ, यूपी) में उनकी संवेदनशील जनकार्यशैली की कतिपय अविस्मरणीय झलक मिलती है। खासकर यूपी की प्रशासनिक जनसंवेदनशीलता की दृष्टि से ये पुस्तकें काफी अहम हैं, क्योंकि ये पुस्तकें प्रशासनिक अनुभव के आधार पर कार्य करने के लिए अभिप्रेरित करती हैं। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जौनपुर जिले ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। क्योंकि जिले में शत-प्रतिशत युवाओं को योजना का लाभ दिलाते हुए निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक लोन वितरण किया गया है। यह जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह, आईएएस के कुशल नेतृत्व और निरंतर मॉनिटरिंग का ही परिणाम है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना में जौनपुर प्रदेश भर में अव्वल उदाहरण बनकर उभरा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को 2,500 युवाओं को लोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला था, जबकि इसके सापेक्ष अब तक 3,315 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन वितरित किया जा चुका है। यह लक्ष्य का 132.60 प्रतिशत है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।

इस बारे में पूछे जाने पर डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में विशेष अभियान चलाकर युवाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। साथ ही संबंधित विभागों और बैंकों के साथ नियमित समन्वय, आवेदनों की समयबद्ध फॉरवर्डिंग और निरंतर फॉलो-अप के कारण जौनपुर शत-प्रतिशत लोन वितरण करने वाला प्रदेश का पहला जिला बना। उन्होंने बताया कि जिले से कुल 8,240 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 7,033 आवेदन बैंकों को भेजे गए और 3,315 युवाओं को लोन वितरित किया जा चुका है। इस उपलब्धि ने न केवल जौनपुर को प्रदेश में शीर्ष पर पहुंचाया है, बल्कि जिले के हजारों युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान किया है।

वहीं यूपी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जौनपुर जिलाधिकारी को सम्मानित किया जाना जिले के प्रशासनिक कार्यकुशलता और प्रभावी शासन का प्रतीक माना जा रहा है। यह उपलब्धि आने वाले समय में अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया