बिहार में एग्जिट पोल ने राजग की बड़ी जीत और महागठबंधन की हार के संकेत पहले ही दे दिए थे!
बिहार में हुए एग्जिट पोल से राजग की बड़ी जीत के आसार प्रबल, महागठबंधन फिर धराशायी
# मुंहबोले चाचा ने भतीजे को फिर दी सियासी शिकस्त
@ कमलेश पांडेय/वरिष्ठ पत्रकार व राजनीतिक विश्लेषक
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण के मतदान के बाद आए लगभग सभी पोस्ट पोल सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) में संभावना जताई गई है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बड़े बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बना सकता है। इसमें भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी के रुप में उभरने के आसार भी दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि असल नतीजे भी चुनाव बाद आए इन सर्वेक्षणों के आंकड़ों की तरह ही रहते हैं तो एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वाम दल और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के महागठबंधन (इंडिया गठबंधन का बिहार क्लोन) के लिए सत्ता दूर की कौड़ी साबित होगी।
बिहार में जदयू नेता और विगत दो दशकों से मुख्यमंत्री बने रहने वाले नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राजग में जनता दल (यू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तान अवामी मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) शामिल हैं। लिहाजा, बिहार में मतदान संपन्न होने के बाद आए लगभग सभी सर्वेक्षण एजेंसियों के एग्जिट पोल में राजग को बड़ी जीत मिलने की भविष्यवाणी की गई है। हालांकि, प्री पोल सर्वेक्षणों में भी इसी तरह के संकेत मिल रहे थे। समझा जा रहा है कि भाजपा के चाणक्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के चाणक्य नीतीश कुमार ने घालमेल की जो रणनीति अपनाई, वह उम्मीदों के अनुरूप सही रही।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘पोल डायरी’ के एग्जिट पोल में राजग को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। इसमें सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए को 184 से 209 सीटें हासिल करते हुए दिखाया गया है। स्पष्ट कहा गया है कि 2025 में भी एनडीए 2010 के विधानसभा चुनाव की तरह प्रदर्शन कर सकता है। जबकि इस सर्वेक्षण में कहा गया है कि विपक्षी महागठबंधन को 32 से 49 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है।
वहीं, ‘मैट्रिज’ के सर्वेक्षण के अनुसार, राजग 147 से 167 सीटों के साथ दो तिहाई बहुमत ककड़ा हासिल कर सकती है। इसके एग्लल में कहा गया है कि महागठबंधन को 70 से 90 सीटें मिल सकती हैं तथा जन सुराज को शून्य से दो सीट ही मिलने के आसार हैं। वहीं, ‘दैनिक भास्कर’ के सर्वेक्षण में कहा गया है कि राजग को 145 से 160 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 73 से 91 सीटें ही मिलने का अनुमान है।
वहीं, ‘पीपुल्स पल्स’ के एग्जिट पोल में भी राजग के एक बार फिर से चुनाव जीतने की संभावना जताई गई है। इस सर्वेक्षण के अनुसार राजग को 133 से 159 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 75 से 101 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। L00 इस सर्वेक्षण ने जनसुराज को शून्य से पांच सीट मिलने की संभावना जताई है। उधर, ‘चाणक्या स्ट्रेटजीज’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि राजग 130 से 138 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकता है, जबकि महागठबंधन को 100 से 108 सीटों के साथ एक बार विपक्ष में बैठना पड़ सकता है। उसने अन्य को तीन से पांच सीट मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, ‘पोल स्ट्रेट’ के सर्वेक्षण में राजग को 133 से 148 सीटें हासिल होने की भविष्यवाणी की गयी है, जबकि महागठबंधन को 87 से 102 सीटें मिलने का अनुमान है। उसका कहना है कि अन्य को तीन से पांच सीटें मिल सकती हैं। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ। मतगणना 14 नवंबर को होगी। जबकि 11 नवम्बर को आए एग्जिट पोल के मुताबिक मुंहबोले चाचा नीतीश कुमार ने भतीजे तेजस्वी यादव को फिर सियासी शिकस्त दे दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें