रानीखेड़ा वार्ड में पानी की निकासी बनी बड़ी समस्या : परमजीत सिंह
रानीखेड़ा वार्ड में पानी की निकासी बनी बड़ी समस्या : परमजीत सिंह
लोकनायक भारत न्यूज़
दिल्ली। बरसात खत्म हुए कई महीने बीत गए पर बाहरी दिल्ली स्थित मुंडका विधानसभा के अंतर्गत आने वाले रानीखेड़ा वार्ड में जमा पानी खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। बताया जाता है कि पानी की निकासी की कोई भी उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के कई महीने बाद भी सड़कें पानी से लबालब भरी हुई हैं। जिसमें भाग्य विहार, जैन नगर आदि कॉलोनियों का हाल ऐसा है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आलम यह है कि जल भराव की समस्या के कारण जैन नगर में दो मकान भी गिर चुके हैं जिससे लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार झूठ और दोषारोपण की राजनीति करती आ रही है। बार-बार कहने पर भी फ्लड डिपार्टमेंट के मदनपुर माइनर ड्रेन की सफाई फ्लड डिपार्टमेंट ने नहीं की, जो बाद में निगम द्वारा कराई गई। वहीं, दिल्ली सरकार द्वारा न तो कोई नया नाला बनाया गया है और ना ही सीवर की ही व्यवस्था की गई है। मुंडका के विधायक कई बार कहते हैं कि पचास साल से कोई नाला नहीं बना पर स्वयं की जिम्मेदारी लेकर कोई नाला या सीवर शुरू नहीं कराते। फ्रेंड्स एनक्लेव में पिछले आठ साल से सीवर डाले गए हैं पर आज तक उनको मैन ड्रेन में जोड़कर चालू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द इस वार्ड सहित पूरे मुंडका विधानसभा में पानी की उचित निकासी उपलब्ध कराएं नहीं तो लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें