मोदी-योगी की सरकार में साहिबाबाद का हुआ अभूतपूर्व विकास: सुनील शर्मा


मोदी-योगी की सरकार में साहिबाबाद का हुआ अभूतपूर्व विकास: सुनील शर्मा

# भाजपा की योजनाओं को कोसने वाले विपक्षी दल अब दांतों तले दबा रहे हैं अंगुलियां: साहिबाबाद विधायक

कमलेश पांडेय/भास्कर ब्यूरो
गाजियाबाद। सोमवार को साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा ने वसुंधरा सेक्टर 5 स्थित अपने आवास पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान अपनी सरकार और अपने साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यशोगान किया। विधायक श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार साढ़े 4 वर्ष का एक विकास उत्सव मना रही है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास की एक नई पटकथा लिखी जा रही  है। 

 # आज भयमुक्त हो चुका है उत्तर प्रदेश

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज भयमुक्त हो चुका है। बड़े-बड़े अपराधी या तो जेल में हैं या ऊपर यमराज के पास भेज दिए गए हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरने से आज यूपी के बारे में देश-दुनिया के लोगों की धारणा बदली है। इसलिए कानून व्यवस्था के लिहाज से यह चिरस्मरणीय काल माना जाएगा। क्योंकि सपा शासन में पहले पेशेवर अपराधी और माफिया सत्ता के संरक्षण में दहशत फैलाते थे। दंगा एक प्रवृत्ति बन गई थी। लेकिन योगी सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ बिना जाति व मजहब देखे सख्त कार्यवाही की। उनकी अट्ठारह सौ करोड रुपए की संपत्ति जब्त की है, जबकि कई अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई।

# कारोबारी सुगमता में यूपी पहुंचा दूसरे नंबर पर

विधायक श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार में एक भी सरकारी भर्ती की प्रक्रिया रोकने के लिए न्यायालय से स्टे नहीं मिला है। जबकि पहले भर्तियां निकालने पर पूरा खानदान प्रदेश में वसूली के निकल पड़ता था। उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बड़ी संख्या में निवेशक आ रहे हैं। कारोबारी सुगमता में यूपी 14वें स्थान से दूसरे नंबर पर आ गया है। कोरोना काल में चीन तक ने अपनी डिस्प्ले यूनिट लगाने के लिए यूपी को चुना। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग एक बड़ा उद्योग था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में एक भी व्यक्ति ने ऐसा नहीं बताया कि इस काम के लिए विभाग में लेनदेन हुआ हो। विधायक शर्मा ने कहा कि 2017 से पहले लोग हमारी पार्टी के नारे "राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे" पर मजाकिया लहजे में कहते थे कि 'पर, तारीख नहीं बताएंगे।' लेकिन आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर की शुरुआत हो चुकी है। मिशन शक्ति के तहत महिलाएं सशक्त हो रही हैं। 

# भाजपा सरकार में साहिबाबाद को लगे नए पंख 

विधायक श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद वर्षों से विकास की राह ताक रहे साहिबाबाद को योगी जी की भाजपा सरकार में नए पंख लगे और अरसे से अधर में लटकी लंबित योजनाएं पूरी हुईं। नई परियोजनाओं से विकास का कार्य प्रशस्त हुआ। कोरोना महामारी के कारण कुछ कठिनाइयां आईं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कुशलता से उसका सामना किया गया। यदि कोरोना काल को अलग किया जाए तो मात्र 3 साल में ऐतिहासिक विकास कार्य किए गए। 

# देश का पहला कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्री भवन बना  साहिबाबाद में 

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद विकासवाद की राजनीति की ओर नए आयाम दिए गए। देश का पहला कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्री भवन, साहिबाबाद में बना। वर्षों से लटकी और अधर में पड़ी और भ्रष्टाचार में फंसी परियोजनाओं को हमारी सरकार ने पूरा किया। साहिबाबाद में जाम की भयावह स्थिति थी, जिसे जाम मुक्त बनाने के लिए विगत 4 वर्षों में 5 नई फ्लाईओवर एवं 4 अंडरपास का निर्माण हुआ और अधर में पड़ी एलिवेटेड रोड को रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। 24 घंटे बिजली आपूर्ति का सपना सच कर दिखाया। 

# साहिबाबाद में खस्ताहाल सड़कों की हालत में किया गया सुधार

देश की राजधानी से सटे होने के बावजूद साहिबाबाद में सड़कों की खस्ता हालत थी। 2000 किलोमीटर सड़कों को सुगम बनाया गया। 90 प्रतिशत से अधिक सड़कों को युद्ध स्तर पर गड्ढा मुक्त किया गया। हल्की बारिश में पूरे साहिबाबाद में जलभराव हो जाता था। हमने प्राथमिकता से नालों और सड़कों का निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था की। पहले यहां  सार्वजनिक शौचालयों का अभाव था, लेकिन अब 40 से अधिक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण हुआ। साहिबाबाद देश की ऐसी पहली विधानसभा क्षेत्र है जहां मेट्रो, हवाई अड्डा, हाई स्पीड ट्रेन जैसी आधुनिक यातायात की सुविधा उपलब्ध है।

# साप्ताहिक बाजारों से बंद कराई अवैध वसूली 

हमने वर्षों से गरीबों को हो रहे आर्थिक शोषण से मुक्ति के लिए साप्ताहिक बाजारों से वसूली बंद कराई। कौशांबी बस स्टैंड का जीर्णोद्धार किया। उत्तर प्रदेश का पहला दिव्यांग पार्क इंदिरापुरम में बनाया। 5 करोड़ की लागत से सिटी फॉरेस्ट का जीर्णोद्धार किया। विधानसभा क्षेत्र के सभी 7 थानों में महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत कराई। 3 नए पुलिस थानों का निर्माण कराया। 78 करोड़ की लागत से 56 एमएलडी के साथ राजनगर एक्सटेंशन में एसटीपी प्लांट का निर्माण कराया। 49.42 लाख की लागत से कुटी मंदिर एवं समाधि का सौंदर्यीकरण, कोयल एंक्लेव में 4 करोड़ की लागत से छठ घाट का जीर्णोद्धार कराया, स्ट्रीट लाइट, वर्षों से जलभराव की समस्या से निदान दिला कर ज्ञानी बॉर्डर रोड का निर्माण कराया। राजनगर एक्सटेंशन में 85 करोड़ की लागत से जीटी रोड नाला, मुख्य एवं सर्विस रोड का निर्माण कराया, भोपुरा वजीराबाद रोड का निर्माण कराकर साहिबाबाद को जाम मुक्त कराया। सरकारी अस्पताल हेतु इंदिरापुरम मकनपुर में जमीन चिन्हित की गई और नगर निगम की बोर्ड बैठक में स्वास्थ्य विभाग को नि:शुल्क जमीन हस्तांतरण हेतु प्रस्ताव पास कराया। 

# भाजपा सरकार ने खोड़ा नगर में कराए अद्भुत विकास कार्य 

2017 में भाजपा सरकार आने के बाद खोड़ा नगर में अद्भुत विकास कार्य हुए। कुछ राजनीतिक दलों और उनके नेताओं ने अपने स्वार्थ के चलते खोड़ा को गुंडाराज और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया था। खोड़ा कॉलोनी एक बहुत दयनीय स्थिति में पहुंच गई थी, ना सड़कें थीं, ना बिजली थी, ना पानी था, लेकिन अब खोड़ा विकास की नई गाथा कहता है। आज वही खोड़ा योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास की तरफ बढ़ रही नगर पालिका है।
पक्की सड़कें, जगमग गलियां, घर-घर से कूड़ा उठना और पेयजल हेतु सरकार वचनबद्ध है। क्षेत्र की सभी मलिन बस्तियों का विकास किया गया। खोड़ा नगरपालिका में जहां 183 किलोमीटर की सड़कें एवं 366 किलोमीटर की नाली एवं नालों का निर्माण कार्य हुए, उसी के साथ खोड़ा अंधकार से निकलकर उजाले की तरफ अग्रसर हुआ है। हर घर को अपनी पहचान मिली है। घर-घर से कूड़ा उठना शुरू हुआ है। खोड़ा पर आज अपना नगर पालिका भवन एवं वार्ड डिपो है। वहीं, स्वतंत्र सेनानियों एवं देशभक्तों के नाम खोड़ा के मुख्य चौराहे में प्रवेश द्वार है। सार्वजनिक शौचालयों के साथ महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की व्यवस्था है। खोड़ा बदल चुका है और आगे बढ़ रहा है।

# योगी सरकार में प्रति व्यक्ति की आय हुई दुगुनी

विगत साढ़े 4 वर्ष में प्रति व्यक्ति की आय दुगुनी हुई है। सरकार एवं विधानसभा की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया, जिसमें प्रदेश सरकार में दूरदर्शी योजना तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा। बीते 54 माह में राज्य के माथे से बीमारू राज्य का धब्बा हट गया और समृद्धिशीलता का टीका लग गया। उन्होंने कहा कि इतना विकास कार्य तभी संभव हो पाया, क्योंकि केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। मैं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझे साहिबाबाद के लोगों की सेवा करने का मौका दिया।

फोटोकैप्शन:- पत्रकारों से बातचीत करते हुए साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया