साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए किया चुनाव शंखनाद
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए किया चुनाव शंखनाद
# भाजपा को दिया अपने उल्लेखनीय कार्यों का श्रेय और पार्टी के पूरे कुनबे के सहयोग का आभार जताया
# सिर्फ आकार में ही नहीं, बल्कि जनहितैषी कार्यों में भी सबसे आगे है साहिबाबाद
कमलेश पांडेय/भास्कर ब्यूरो
गाजियाबाद। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों को गिनाते हुए चुनाव शंखनाद कर दिया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि उन्होंने अपने उल्लेखनीय कार्यों का श्रेय अपनी पार्टी भाजपा को दिया और पार्टी के पूरे कुनबे के सहयोग का आभार जताकर सबका दिल जीत लिया। उनके कहने का सार साफ है कि
सिर्फ आकार में ही नहीं, बल्कि जनहितैषी कार्यों में भी साहिबाबाद विधानसभा सबसे आगे है।
बता दें कि सोमवार को सुनील कुमार शर्मा, विधायक साहिबाबाद द्वारा रॉयल पैलेस वसुंधरा में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं चेयरमैन खोड़ा-मकनपुर नगरपालिका रीना भाटी मौजूद रहीं। इस दौरान "विकास की ओर अग्रसर हमारा साहिबाबाद" नाम की विकास की पत्रिका को सुनील शर्मा ने एवं "ई-बुक" को संजीव शर्मा ने जारी किया। गौरतलब है कि पत्रिका में केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार ने जो प्रमुख विकास कार्य करवाये हैं एवं कानून बनाएं हैं, उनका अवलोकन है। साथ ही साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में गत 4 साल में जो विकास की गाथा लिखी गई है, उसका उल्लेख है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की एक नई पटकथा लिख रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज भयमुक्त हो चुका है। बड़े-बड़े अपराधी या तो जेल में हैं या ऊपर यमराज के पास हैं। सुरक्षित समाज के लिए प्रतिबद्ध दंगा मुक्त, भयमुक्त व माफिया मुक्त उत्तर प्रदेश के लिए कुख्यात माफिया अपराधियों द्वारा अर्जित 1500 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्तियों का जब्तीकरण व सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाले दंगाइयों से संपत्ति की क्षतिपूर्ति वसूली का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिसपर कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद वर्षों से विकास की राह ताक रहे साहिबाबाद को योगी की भाजपा सरकार में नए पंख लगे। अरसे से अधर में लटकी लंबित योजनाएं पूरी हुईं। नई परियोजनाओं से विकास का कार्य प्रशस्त हुआ। कोरोना महामारी के कारण कुछ कठिनाइयांआईं, लेकिन हमारे नेतृत्व में कुशलता से उसका सामना किया गया। यदि कोरोना काल को अलग किया जाए तो मात्र 3 साल में ऐतिहासिक विकास कार्य किए गए और शेष जारी हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद विकासवाद की राजनीति की ओर नए आयाम दिए गए। देश का पहला कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्री भवन साहिबाबाद में बना। वर्षों से लटकी और अधर में पड़ी और भ्रष्टाचार में फंसे परियोजनाओं को हमारी सरकार ने पूरा किया। साहिबाबाद में जाम की भयावह स्थिति थी, जिसे जाम मुक्त बनाने के लिए विगत 4 वर्षों में 5 नई फ्लाईओवर एवं 4 अंडरपास का निर्माण हुआ और अधर में पड़ी एलिवेटेड रोड को रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। 24 घंटे बिजली आपूर्ति का सपना सच कर दिखाया। देश की राजधानी से सटे होने के बावजूद साहिबाबाद में सड़कों की खस्ता हालत थी। इसलिए 2000 किलोमीटर सड़कों को सुगम बनाया गया। 90 प्रतिशत से अधिक सड़कों को युद्ध स्तर पर गड्ढा मुक्त किया गया। हल्की बारिश में पूरे साहिबाबाद में जलभराव हो जाता था। इसलिए हमने प्राथमिकता से नालों और सड़कों का निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था की। पहले सार्वजनिक शौचालयों का अभाव था और अब 40 से अधिक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण हुआ।
उन्होंने कहा कि खोड़ा कॉलोनी एक बहुत दयनीय स्थिति में पहुंच गया था। ना सड़कें थीं, ना बिजली थी, ना पानी था। लेकिन हमारी कोशिशों से अब खोड़ा विकास की नई गाथा कहता है। पक्की सड़कें, जगमग गलियां, घर-घर से कूड़ा उठना लोगों को अच्छा लगता है। यहां पेयजल आपूर्ति हेतु सरकार वचनबद्ध है। क्षेत्र की सभी मलिन बस्तियों का विकास किया गया है। साहिबाबाद देश की वह विधानसभा क्षेत्र है जहां मेट्रो, हवाई अड्डा, हाई स्पीड ट्रेन, एक्सप्रेस वे जैसी आधुनिक यातायात की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
विधायक शर्मा ने कहा कि हमने वर्षों से गरीबों को हो रहे आर्थिक शोषण से मुक्ति के लिए साप्ताहिक बाजारों से वसूली बंद कराई। कौशांबी बस स्टैंड का जीर्णोद्धार किया। उत्तर प्रदेश का पहला दिव्यांग पार्क इंदिरापुरम में बनाया। 5 करोड़ की लागत से सिटी फॉरेस्ट का जीर्णोद्धार किया। विधानसभा क्षेत्र के सभी 7 थानों में महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत कराई। 3 नए पुलिस थानों का निर्माण कराया। 78 करोड़ की लागत से 56 एमएलडी के साथ राजनगर एक्सटेंशन में एसटीपी प्लांट का निर्माण कराया। 49.42 लाख की लागत से कुटी मंदिर एवं समाधि का सौन्दर्यीकरण कराया। कोयल एंक्लेव में 4 करोड़ की लागत से छठ घाट का जीर्णोद्धार कराया। स्ट्रीट लाइट, वर्षों से जलभराव की समस्या से निदान दिला कर ज्ञानी बॉर्डर रोड का निर्माण कराया। राजनगर एक्सटेंशन में 85 करोड़ की लागत से जीटी रोड नाला, मुख्य एवं सर्विस रोड का निर्माण कराया। भोपुरा वजीराबाद रोड का निर्माण कराकर साहिबाबाद को जाम मुक्त कराया। सरकारी अस्पताल हेतु इंदिरापुरम मकनपुर में जमीन चिन्हित की गई और नगर निगम की बोर्ड बैठक में स्वास्थ्य विभाग को नि:शुल्क जमीन हस्तांतरण हेतु प्रस्ताव पास कराया।
2017 में भाजपा सरकार आने के बाद खोड़ा नगरपालिका में अद्भुत विकास कार्य हुए। कुछ राजनीतिक दलों और उनके नेताओं ने अपने स्वार्थ के चलते खोड़ा को गुंडाराज और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया था। आज वही खोड़ा योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास की तरफ बढ़ रही नगर पालिका है। खोड़ा नगरपालिका में जहां 183 किलोमीटर की सड़कें एवं 366 किलोमीटर की नाली एवं नालों का निर्माण कार्य हुए, वहीं खोड़ा अंधकार से निकलकर उजाले की तरफ अग्रसर हुआ है। हर घर को अपनी पहचान मिली है। घर-घर से कूड़ा उठना शुरू हुआ है। खोड़ा पर आज अपना नगर पालिका भवन एवं वार्ड डिपो है। वहीं स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश भक्तों के नाम खोड़ा के मुख्य चौराहे में प्रवेश द्वार है। सार्वजनिक शौचालयों के साथ महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की व्यवस्था है। खोड़ा बदल चुका है और आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दृढ़तापूर्वक कहा कि इतना विकास कार्य तभी संभव हो पाया क्योंकि केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। मैं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद एवं विशेष तौर पर हमारी महापौर आशा शर्मा, चेयरमैन रीना भाटी, सभी पार्षदगण एवं भारतीय जनता पार्टी के महानगर के संगठन एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि सबके अंतहीन प्रयास से ही हमलोग मौजूदा मुकाम को प्राप्त कर पाए हैं। इससे बीजेपी का यश जन जन तक पहुंचा है।
फोटोकैप्शन:- रॉयल पैलेस वसुंधरा में "विकास की ओर अग्रसर हमारा साहिबाबाद" नाम की विकास की पत्रिका को जारी करते हुए साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा एवं "ई-बुक" को जारी करते हुए महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, साथ में हैं खोड़ा-मकनपुर नगरपालिका की चेयरमैन रीना भाटी।
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें