भारद्वाज शिखर पर पहुँचने लगे विधानसभा चुनाव लड़ने की चाह रखने वाले प्रत्याशी

भारद्वाज शिखर पर पहुँचने लगे विधानसभा चुनाव लड़ने की चाह रखने वाले प्रत्याशी

# पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉली शर्मा का आशीर्वाद कांग्रेस में काफी रखता है मायने

# तन मन धन से पार्टी की सेवा में जुटा रहता है यह परिवार, भारद्वाज शिखर में आना जाना है बड़े बड़े कांग्रेस नेताओं का 

कमलेश पांडेय/भास्कर ब्यूरो 
गाजियाबाद। जनपद की पांच विधानसभा सीटों के अलावा आसपास के जनपदों की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर अपनी किस्मत आजमाने की चाह रखने वाले लोग पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष और कांग्रेस के कद्दावर राजनेता नरेंद्र भारद्वाज के प्रह्लाद गढ़ी, वसुंधरा सेक्टर 16 बी स्थित आवासीय कार्यालय पर दस्तक देने लगे हैं। क्योंकि नरेंद्र भारद्वाज की पहचान प्रदेश में पार्टी के ऐसे भरोसेमंद नेता की समझी जाती है, जो विगत 40 वर्षों से जनपद में कांग्रेस का झंडा थामे हुए हैं। उनके पूर्वज भी कांग्रेसी रहे हैं। 

यही नहीं, उनकी बेटी डॉली शर्मा भी कांग्रेस की युवा नेत्रियों में बहुतों को पीछे छोड़ चुकी हैं। पार्टी ने उनकी प्रतिभा की कद्र करते हुए पहले गाजियाबाद नगर निगम के महापौर चुनाव में प्रत्याशी बनाया और उसके बाद गत लोकसभा चुनाव में भी गाजियाबाद से ही पार्टी प्रत्याशी बनाया, जिन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री और पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल (अ.प्रा.) वी के सिंह को कड़ी टक्कर तो दी, लेकिन प्रचंड मोदी लहर के चलते सीट नहीं निकाल पाई। 

इसके बावजूद डॉली शर्मा जनपद में अपने कार्यकर्ताओं के हर सुख दुःख में अपने पिता के साथ न केवल खड़ी रहती हैं, बल्कि कोरोना काल में उन्होंने जरूरतमंद लोगों के साथ साथ सियासत,  मीडिया व हाई प्रोफाइल लोगों की भी गाढ़े वक्त में सम्पर्क सेवा प्रदान की। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जिस कड़े तेवर में राजनीतिक हमला बोलीं, उससे उनकी पहचान एक दबंग और काबिल राजनेत्री के रूप में होने लगी है। 

आज वो यूपी की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी की टीम की सक्रिय सदस्य के रूप में जानी-पहचानी जाती है। देश-प्रदेश के ब्राह्मण समाज और उद्यमी वर्ग में उनकी गहरी पैठ है। इसलिए गाजियाबाद, साहिबाबाद, मुरादनगर, लोनी और मोदीनगर से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले कार्यकर्ताओं के लिए "भारद्वाज शिखर" एक अहम ठिकाना बन चुका है, जहां राजनीतिक दांव-पेंच से दूर पार्टी के लोगों का सही मार्गदर्शन किया जाता है। 

यही वजह है कि जब यह संवाददाता श्री भारद्वाज के आवास भारद्वाज शिखर पहुँचा तो देखा कि टिकट चाहने वाले लोगों का आना जाना लगा हुआ है। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज के आवासीय कार्यालय पर कांग्रेस की पूर्व लोकसभा व महापौर प्रत्याशी डॉली शर्मा की मौजूदगी में ही शिक्षाविद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी एन गर्ग ने बताया कि गाजियाबाद विधानसभा सीट से वो अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं। पूर्व महापौर प्रत्याशी एवं एआईसीसी सदस्य विजय कुमार चौधरी और अनुसूचित जाति कांग्रेस मोर्चा कांग्रेस नेता जितेंद्र गौड़ ने भी बताया कि वो पुराने कांग्रेसी हैं और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गाजियाबाद विस जैसी प्रतिष्ठित सीट के सबल दावेदार भी। 

उनके दावे पर भरोसा इसलिए किया जा सकता है, क्योंकि राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग को टक्कर देने के लिए कई पुराने कांग्रेसी, सपा और बसपा की भी गणेश परिक्रमा कर रहे हैं, जिससे इस बात की चर्चा तेज है कि कहीं ऐसा न हो कि पार्टी जिसको वफादार और पुराना समझ रही है, वह ऐन मौके पर हाथी या सायकिल की सवारी न कर ले। इसलिए पार्टी के रणनीतिकारों ने भी एक सीट से कई मजबूत लोगों को सक्रिय कर दिया है, ताकि कोई पार्टी को धोखा दे तो पार्टी विकल्पहीन नहीं रहे। जैसा कि चुनावों में कभी कभार होता आया है। सबका कहना है कि श्री भारद्वाज और श्रीमती शर्मा का आशीर्वाद जिन्हें मिलता है, पार्टी नेतृत्व उसे ज्यादा तवज्जो देता है।

फोटोकैप्शन:- प्रह्लाद गढ़ी, वसुंधरा सेक्टर 16 बी स्थित कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज के आवासीय कार्यालय पर कांग्रेस की पूर्व लोकसभा व महापौर प्रत्याशी डॉली शर्मा, शिक्षाविद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी एन गर्ग, पूर्व महापौर प्रत्याशी एवं एआईसीसी सदस्य विजय कुमार चौधरी और अनुसूचित जाति कांग्रेस मोर्चा कांग्रेस नेता जितेंद्र गौड़ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जुड़े दावेदार प्रत्याशियों के साथ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया