डोली शर्मा ने भाजपा सरकार को युवा विरोधी करार देकर सजाने लगी अपनी सियासी सेनाएं


डोली शर्मा ने भाजपा सरकार को युवा विरोधी करार देकर सजाने लगी अपनी सियासी सेनाएं
# जनपद में पार्टी की सक्रियता से लखनऊ और दिल्ली गदगद, डोली शर्मा की हर जगह पूछ बढ़ी

कमलेश पांडेय/भास्कर ब्यूरो
गाजियाबाद। कांग्रेस ने जनपद में पहले अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव और फिर गाजियाबाद नगर निगम के महापौर व वार्ड पार्षद चुनाव के लिए अपनी रणनीति का आगाज कर दिया है। गत दिनों पार्टी कार्यालय में पहुंचकर कांग्रेस नेत्री डोली शर्मा ने जिस तरह से गाजियाबाद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सैकड़ों युवाओं को जनपद यूथ कांग्रेस की सदस्यता दिलाई और भाजपा सरकार को युवा विरोधी सरकार करार दिया है, उसके गहरे सियासी निहितार्थ हैं। इस मौके पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष ओमवीर यादव की मौजूदगी बताती है कि गाजियाबाद में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए डोली शर्मा ने मेरठ मंडल के सक्रिय कांग्रेस नेताओं को साधना शुरू कर दिया है, ताकि एक दूसरे के सहयोग से कांग्रेस के पक्ष में लहर पैदा की जा सके।

बता दें कि गत दिनों गाजियाबाद जिला एवं महानगर युवक कांग्रेस की एक संयुक्त बैठक पुराने बस अड्डे कार्यालय पर आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता गाजियाबाद महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने की थी। उन्हीं की रणनीति के मुताबिक, इस बैठक में मुख्य अतिथि के रुप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य, गाजियाबाद की पूर्व लोकसभा सांसद प्रत्याशी और गाजियाबाद की पूर्व महापौर उम्मीदवार श्रीमती डोली शर्मा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष ओमवीर यादव को आमंत्रित किया गया था। इस बैठक में उपस्थित कांग्रेसियों ने श्रीमती डॉली शर्मा और ओमवीर यादव का जिस तरह से फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया और उनकी मौजूदगी में ही गाजियाबाद के सैकड़ों युवाओं ने यूथ कांग्रेस की सदस्यता ली, जिनका स्वागत गर्मजोशी पूर्वक फूल माला एवं कांग्रेस का पटका पहनाकर किया गया। 

इस बैठक को संबोधित करते हुए डोली शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार युवा विरोधी सरकार है। इसलिए इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए अपने अपने हिस्से का योगदान दीजिये। यदि कांग्रेस मजबूत होकर देश-प्रदेश और जनपद की सत्ता में लौटती है तो पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के हाथ मजबूत होंगे और वो युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए कार्य करेंगे। इशारे ही इशारे में उन्होंने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव और गाजियाबाद नगर निगम चुनाव के लिए बढ़ रहे टिकटार्थियों की भीड़ की बात करते हुए कहा कि आपलोग जिसके पक्ष में होंगे, पार्टी उन्हें ही टिकट देगी। उन्होंने गुटबाजी समाप्त करके पार्टीबाजी शुरू करने की अपील की और कहा कि जब पार्टी के लिए दो लोग एक दूसरे के ऊपर कीचड़ उछालते हैं तो उन्हें व्यक्तिगत रूप दुःख होता है। उन्होंने कहा कि यदि आपलोग पार्टी के प्रति समर्पित रहेंगे, तो पार्टी भी सत्ता में आने पर सबको कोई न कोई पद देगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और पार्टी की बात मजबूती पूर्वक रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करके ही 'पीआर वाली सरकारों' को  सत्ता से बेदखल किया जा सकता है। वहीं, ओमवीर यादव ने भी उनकी हां में हां मिलाते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे रही है। सत्ता में आने से पहले भाजपाइयों ने कहा था कि जब हमारी सरकार आएगी तो हम युवाओं को नौकरी देंगे, लेकिन आज देश में युवा बेरोजगार हो रहे हैं और वो लोग पकौड़े बेचवाने वाला रोजगार दे रहे हैं, जो युवाओं के भविष्य से मजाक है।

इस दौरान पश्चिम उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रवीण गुर्जर, प्रदेश महासचिव सनी नागर, युवक कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अमित यादव, युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास खारी, पार्षद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव जितेन्द्र गौड़ धोबी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव कामिनी शर्मा, प्रदेश सचिव आयुष शर्मा,
युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कपिल यादव, मुनेंद्र, बिल्ला, मोहित यादव, सुमित यादव, कुलदीप शर्मा, अंकित गौतम, मयंक यादव, आशीष गौतम, करण यादव, दुष्यंत यादव, राहुल चौधरी, राजा चौधरी, समीर यादव, जय किशन, श्रीमती उषा शर्मा और सुरेंद्र शर्मा बबलू सहित दर्जनों प्रतिष्ठित कांग्रेस जनों की उपस्थिति और युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं पार्षद विकास खारी ने जिस गर्मजोशी से पूरे कार्यक्रम का संचालन किया, उसकी चर्चा गाजियाबाद से लेकर लखनऊ क्या, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तक में हो रही है। पार्टी नेतृत्व भी चाहता है कि जहां कहीं कांग्रेस नेता जुटें तो लोगों को लगे कि कांग्रेस जन उनके हितों की रक्षा के सवाल पर सजग हैं। पार्टी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में है और बहुत जल्द सत्ता में वापसी के लिए योजना बद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है।

फोटोकैप्शन:- गाजियाबाद जिला व महानगर कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद डोली शर्मा, साथ में हैं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेंद्र भारद्वाज, ओमवीर यादव आदि।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के कूटनीतिक निहितार्थ

जनहितैषी सुझाव को शिकायत समझने की भूल न करें, अपेक्षित बदलाव के वाहक बनें

शिक्षक दिवस: जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और बाल बाटिका का महत्व समझाया