कवि नगर जोन: वार्ड संख्या 24 में खाली कराई गई नगर निगम की 500 वर्ग मीटर कीमती जमीन
कवि नगर जोन: वार्ड संख्या 24 में खाली कराई गई नगर निगम की 500 वर्ग मीटर कीमती जमीन
# नगर आयुक्त महेंद्र की सख्ती से हटा अतिक्रमण और पार्क बनाने की तैयारी शुरू की गई
कमलेश पांडेय/विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर कविनगर जोन अंतर्गत वार्ड नम्बर 24 स्थित
ग्राम काजीपुरा में अतिक्रमित 500 वर्ग मीटर भूमि को निगम प्रशासन ने गुरुवार को खाली करवा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस भूमि पर कुछ व्यक्ति अवैध रूप से काबिज थे, लेकिन मौके पर पहुंची निर्माण विभाग की टीम द्वारा अतिक्रमण को हटवाया गया तथा अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए आदेशित किया गया।
नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में निर्माण विभाग की टीम से योगेश अवर अभियंता निर्माण तथा संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ प्रवर्तन दल के साथ मौके पर उपस्थित हुए और नगर निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। साथ ही वहां पर पार्क बनाने की तैयारी भी शुरू की गई, जिससे आसपास के क्षेत्र वासियों में उल्लास का माहौल है। क्षेत्रीय निवासियों द्वारा गाजियाबाद नगर निगम का विशेष सहयोग किया गया है।
नगर आयुक्त द्वारा उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल उक्त स्थल की बाउंड्री कराते हुए पार्क बनाने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि जनहित में ग्राम वासियों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
वहीं, गाजियाबाद नगर निगम द्वारा इसी प्रकार शहर में अवैध रूप से अतिक्रमण की हुई जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है और उन पर जनहित के कार्यों को प्रारंभ किया जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें